देवरिया। सत्ता से हटने के बाद बुधवार को पहली बार सपाइयों ने ताकत दिखाई। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर देश बचाओ, देश बनाओ महारैली पर सपा कार्यकर्ता पूरे जोश में थे। कस्तूरबा मोड़ के पास सबसे पहले पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया गया। कचहरी रोड स्थित पार्टी कार्यालय के सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी पुतला जलाया गया। फिर जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं की जुलूस से यातायात व्यवस्था डगमगा गई। तीखे धूप में पुलिसकर्मियों को पसीने बहाने पड़े। जुलूस जब कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर गया तब पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
सुबह नौ बजे सपा कार्यकर्ताओं की जुटान टाउनहाल परिसर में हुई। यहां से जिलाध्यक्ष राम इकबाल यादव और जिला प्रभारी रामललित चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का जुलूस निकला। इसके अलावा पूर्व विधायक गजाला लारी के आवास पर भी कार्यकर्ता एकत्र हुए। कस्तूरबा मोड़ पर युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इस बीच कार्यकर्ताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी का जलाया। इस दौरान धर्मवीर गुप्ता, नौशाद खान, बेलाल खान, अमरनाथ यादव आदि मौजूद रहे। कचहरी रोड स्थित पार्टी कार्यालय के सामने समाजवादी छात्रसभा ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। इस दौरान विजय रावत, संगम यादव, चंदन सिंह, रणवीर यादव आदि मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट में रामललित चौधरी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार के सत्तारूढ़ होने के साथ अराजकता का दौर शुरू हो गया है। जिलाध्यक्ष रामइकबाल यादव ने कहा कि भाजपा के चार माह के कार्यकाल में ही अपराध का ग्राफ ऊंचाइयों पर पहुंच गया है। सपा विधायक आशुतोष उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार झूठे वादे करने में माहिर है। पूर्व सांसद कनकलता सिंह ने कहा कि आज से भाजपा सरकारों के खिलाफ शुरू हुई लड़ाई आगे भी चलती रहेगी। पूर्व विधायक गजाला लारी ने कहा कि जिस उम्मीद से जनता ने भाजपा को सत्ता सौंपा था, उसमें वह खरी साबित नहीं हो पा रही है। पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि अत्याचार के खिलाफ आंदोलन करने के लिए सपा जानी जाती है। पूर्व विधायक शाकिर अली ने कहा कि कार्यकर्ताओं को इस तरह का उत्साह बनाए रखने की जरूरत है। स्वामीनाथ यादव ने कहा कि चार माह में यूपी की भाजपा सरकार से जनता का मोह भंग होने लगा है। इस दौरान कमला यादव, मनीष सिंह, श्याम बहादुर सिंह, संजय मल्ल, रामप्रकाश यादव आदि शामिल थे।