रामपुर कारखाना। मानदेय नहीं मिलने से नाराज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी के सफाई कर्मियों ने गुरुवार को अस्पताल परिसर में कूड़ा उड़ेल दिया। इससे ओपीडी सेवा करीब दो घंटे तक ठप रही। कर्मचारी एक साल से मानदेय नहीं मिलने से नाराज थे। चिकित्साधिकारी ने एक सप्ताह में मानदेय भुगतान का आश्वासन दिया। इसके बाद परिसर की सफाई हुई।
रामपुर कारखाना पीएचसी डुमरी पर सफाई कार्य ठेकेदार को सौंपा गया है। अस्पताल की सफाई के लिए तीन कर्मचारी तैनात हैं, लेकिन ठेकेदार ने एक वर्ष से कर्मचारियों को मानदेय नहीं दिया है। कर्मचारियों ने कई बार मानदेय के लिए गुहार लगाई। ठेकेदार विभाग से बजट नहीं मिलने का रोना रोता है। गुरुवार की सुबह मानदेय नहीं मिलने से परेशान एक सफाई कर्मचारी ने अस्पताल के सामने व परिसर में कचरा उड़ेल दिया। जानकारी होने पर प्रभारी चिकिस्ताधिकारी डॉ. डीबी शाही ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उक्त सफाई कर्मी को पकड़ कर पुन: परिसर की सफाई कराई। उन्होंने बताया कि मानदेय के बारे में सीएमओ को अवगत कराया गया है।