देवरिया। अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने 120 दिन में मानदेय बढ़ाने की घोषणा की थी। सलेमपुर की सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि सम्मान दिलाएंगे। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कब सम्मान मिलेगा, सरकार बताए।
बारिश के बावजूद आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तेल कार्यकर्ताओं की जुटान कलेक्ट्रेट पर हुई। उन्होंने धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन दिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, जब तक यह सुविधा मिल नहीं जाता तब तक मानदेय 20 हजार रुपये करने, मुख्य सेविकाओं के रिक्त पदों पर वरिष्ठता के आधार पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समायोजित करने आदि मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष रामस्वरुप यादव ने कहा कि सपा सरकार हो या फिर भाजपा की, सभी सिर्फ आश्वासन देने का काम कर रही हैं। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। अपना हक लेकर रहेंगे। महामंत्री विमल मिश्रा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से राज्यकर्मियों की तरह काम लिया जाता है, लेकिन जब हक देने की बात आती है तो सीएम से लेकर अफसर तक पीछे हट जाते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।