देवरिया। शहर के 25 मोहल्लों के 10 हजार घरों को इस साल के अंत तक पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी की सुविधा का लाभ मिलने लगेगा। इसकी शुरुआत जुलाई से करने की तैयारी है।
इसके पहले मई और जून में सभी मोहल्लों में पाइप लाइन बिछाने के साथ ही घरों में कनेक्शन जोड़ने का काम होगा। जुलाई से कनेक्शन पर आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
गोरखपुर से देवरिया होते हुए बिहार प्रांत के सिवान शहर तक पाइप से रसोई गैस की आपूर्ति के लिए परियोजना चल रही है।
इसके जरिये जिले के गौरी बाजार, बैतालपुर, देवरिया, सोनूघाट, खुखुंदू, सलेमपुर, लार होते हुए बिहार प्रांत के मैरवा और सिवान शहर के लोगों को घरेलू और कामर्शियल गैस की आपूर्ति होगी।
इस दौरान 350 किमी स्टील पाइप और लगभग तीन हजार किलोमीटर प्लास्टिक पाइप बिछाकर आपूर्ति शृंखला बनाई जा रही है। गोरखपुर से देवरिया जिले के गौरी बाजार कस्बे तक मेन लाइन में गैस की आपूर्ति शुरू हो गई है। भिटौली बुजुर्ग में मदर स्टेशन बनाया गया है। गौरी बाजार से बैतालपुर के बीच मेन पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है, लेकिन अभी उसमें गैस की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।
देवरिया शहर में करीब 20 हजार रसोई गैस उपभोक्ता हैं। इन्हें सिलिंडर की आपूर्ति के लिए शहर में सात गैस एजेंसियां सक्रिय हैं। शहर के मोहल्लों में पीएनजी से गैस आपूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है।
वहीं मेन पाइप लाइन को भी देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर कचहरी चौराहे के पास तक जोड़ दिया गया है। शहर में 10 हजार घरों व दुकानों में घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए पाइप से गैस की आपूर्ति होगी। जुलाई से कनेक्शन बंटना शुरू हो जाएगा।
गौरी बाजार में आठ सौ घरों से आई डिमांड : जिले में पीएनजी की सबसे पहले शुरूआत गौरी बाजार कस्बे से हुई है। वहां मेन लाइन के बाद अब मोहल्लों में भी पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है।
अब तक 175 घरों तक पाइप लाइन पहुंचाई जा चुकी है, जिनमें से 57 घरों में आपूर्ति शुरू कर दी गई है। शेष घरों में भी इसी महीने आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
इस कस्बे में एक हजार घरों में पाइप लाइन से गैस की आपूर्ति होनी है, जिसके सापेक्ष अब तक 800 घरों से पीएनजी कनेक्शन की डिमांड आई है। आपूर्ति विभाग का कहना है कि जैसे-जैसे पाइप लाइन जोड़ने का काम आगे बढ़ेगा, घरों को सप्लाई भी मिलती जाएगी।
गौरी बाजार के बाद बैतालपुर नगर पंचायत क्षेत्र में पीएनजी की आपूर्ति शुरू होगी। इसके लिए बैतालपुर से गौरीबाजार के बीच मेन लाइन की सप्लाई जोड़ी जा रही है।