तरकुलवा। सकतुआ और खैराट गांव में बच्चों के पुराने विवाद में सोमवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्ष से 10 लोग घायल हो गए। मामला सांप्रदायिक रूप लेता देख पुलिस आनन-फानन सक्रिय हो गई।
सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के 30 लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में फिलहाल शांति है, मगर पुलिस फोर्स तैनात है। गांव में सन्नाटा पसरा है।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के बंजरिया से धूस देवरिया जाने वाले रास्ते पर बोलबम चौराहे पर कुछ दिन पहले सकतुआ गांव के दूसरे पक्ष का एक युवक किसी काम से गया था। वहां खैराट गांव के कुछ युवकों ने उसे पीट दिया था। उस समय लोगों के समझाने-बुझाने पर मामला शांत हो गया था। सोमवार की सुबह खैराट गांव की अनुसूचित जाति बस्ती के दो युवक किसी कार्य से सकतुआ गांव की ओर गए थे। इन दोनों को सकतुआ गांव के कुछ युवकों ने घेरकर पीट दिया। इस बात की जानकारी होने पर सकतुआ बुजुर्ग गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर दोनों तरफ से लोग जुटे और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष में मारपीट होने लगी।
इस मारपीट में एक पक्ष से धनंजय प्रसाद, रितेश, बबलू प्रसाद, नीतिश कुमार आदि और दूसरे पक्ष से विपिन, आलम, साहिल, नियाज आदि घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा भेजा गया।