पैकौली। सुरौली थाना क्षेत्र के पैकौली बाजार स्थित सब्जी मंडी के पास शनिवार की देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। जबकि दोनों बाइक करीब 50 मीटर तक सड़क पर रगड़ते हुए आगे निकल गईं।
पैकौली गोदाम टोला निवासी भोला (25) और याकूब (24) एक बाइक से गांव से पैकौली की ओर जा रहे थे। वहीं बैदा गांव निवासी सुग्रीव विश्वकर्मा (27) दूसरी बाइक से पकड़ी बाजार की तरफ से आ रहे थे। दोनों बाइक जैसे ही पैकौली चौराहा स्थित सब्जी मंडी के पास पहुंचीं, अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गईं। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
अस्पताल में सुग्रीव विश्वकर्मा और याकूब का इलाज चल रहा है। जबकि भोला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।