डीआईओएस सहित दस लोग मिले कोविड पॉजिटिव
देवरिया। कोविड संक्रमण का ग्राफ बढ़ रहा है। प्रतिदिन संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार को डीआईओएस सहित नए दस पॉजिटिव मिले। इन्हें लेकर सक्रिय मरीजों की संख्या 24 हो गई है।
डीआईओएस ने दिक्कत होने पर जांच कराई तो पॉजिटिव मिले। जिला जेल की एक महिला बंदी को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां जांच में संक्रमित मिलीं। शहर के एक मोहल्ले की एक महिला बुखार और खांसी होने पर अस्पताल पहुंची, जहां जांच में पॉजिटिव मिली। वहीं सिविल कोर्ट सहित अलग-अलग मोहल्ले दो लोग संक्रमित मिले हैं।
सदर विकास खंड क्षेत्र का एक युवक सिर दर्द से परेशान था, वह अस्पताल पहुंचा, जहां जांच में संक्रमित मिला। इसी ब्लाक की एक महिला व एक व्यक्ति भी पॉजिटिव मिले हैं। विकास खंड भागलपुर क्षेत्र की एक महिला शुगर की मरीज है। बुखार होने के कारण जांच कराई तो पॉजिटिव मिली।
सलेमपुर ब्लाक क्षेत्र की एक महिला पेट में दर्द से परेशान थी। वह इलाज कराने अस्पताल पहुंची, जहां जांच में संक्रमित मिली। मंगलवार को होम आइसोलेशन के सात लोग ठीक हुआ हैं। जिले में अब तक 22996 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं, जबकि 22738 लोग स्वस्थ हो गए हैं। प्रभारी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि कोविड को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। हर रोज संभावित मरीजों की जांच कराई जा रही है।