देवरिया। महुआडीह थानाक्षेत्र के अमारी झांगा गांव के पास सोमवार की देर शाम को बाइक और चारपहिया वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
थानाक्षेत्र के हरैया बसंतपुर की तरफ से सोमवार की देर शाम एक कार हाटा की तरफ जा रही थी। वहीं हाटा की तरफ से बाइक सवार पर सवार होकर बेलवा बाजार गांव के टंडवा टोला निवासी उत्तम यादव व उसका साथी हरैया बसंतपुर की तरफ जा रहे थे। अभी वह अमारी झांगा गांव के पास पहुंचे ही थे दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उत्तम यादव (25) को मृत घोषित कर दिया। साथी की हालत गंभीर बताई जा रही है।