रुद्रपुर क्षेत्र के लिए आग अभिशाप बन गई है। तीन दिन पहले दो हजार एकड़ गेहूं की फसल जलने के बाद शनिवार को एक बार फिर दोआबा में आग से कोहराम मच गया। नरायनपुर से उठी आग ने छह गांवों की एक हजार एकड़ फसल को जला कर राख कर दिया। पछुआ हवा के थपेड़ों के बीच आग बुझाने का हर प्रयास बेकार साबित हुआ। इस दौरान सरकारी अस्पताल और डिग्री कॉलेज भी आग से घिर गए।
शनिवार को दिन में 12 बजे नरायनपुर के बजरंग चौराहे के समीप एक गेहूं के डंठल में आग लग गई। कुछ लड़के आग बुझाने में लग गए। इस दौरान आग छिटक कर दूसरे खेत में चली गई। गर्म हवा से आग पूरे सरेह में फैलने लगी। आग का भयावह रुप देखकर नरायनपुर गांव के लोग बुझाने में जुट गए, पर आग बेकाबू होती चली गई। फायर बिग्रेड का दस्ता भी आग को काबू में नहीं कर पाया। देखते ही देखते आग चार किलोमीटर के दायरे में फैल गई। आग ने नरायनपुर, भिरवा, डढ़िया, सचौली पटवनिया और नगवा गांव के सैकड़ों किसानों की करीब एक हजार एकड़ गेहूं की फसल जलाकर राख कर दिया।