लखनऊ के काकोरी के दुबग्गा चौकी इलाके में जॉगर्स पार्क में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का अधजला शव मिला। शव मिलने की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर रात तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों में फोटो भेजकर शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है।
काकोरी के दुबग्गा चौकी क्षेत्र के जॉगर्स पार्क के पास नाले में मंगलवार की सुबह लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। मृतक का चेहरा, सीना और हाथ पैर बुरी तरह से जले हुए थे। लोगों के मुताबिक, शव जिस नाले में पड़ा था, वह सूखा था। नाले के अंदर पड़े कूड़े से धुआं भी निकल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 25 साल है। शरीर पर जली हुई शर्ट और नीले रंग की पैंट थी। अधजला शव मिलने की सूचना पर इलाकाई लोगों की भीड़ जुट गई थी। सूचना पर दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची और शव के आसपास साक्ष्य जुटाने के बाद शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।
शव को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक को अगवाकर उसकी हत्या की गई होगी और पहचान मिटाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जलाया गया है। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पहले कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।