यूपी में मेरठ के परीक्षितगढ़/सौदत्त गांव में सोमवार आधी रात हिस्ट्रीशीटर की पत्नी और उसके दो साल के बेटे को बदमाशों ने गोलियों से भून डाला। महिला पांच माह की गर्भवती भी थी। वारदात के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
विज्ञापन
मां-बेटे की हत्या की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हत्या के पीछे बदमाशों के बीच रंजिश होना बताया है। सौदत्त गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर शाहिद पुत्र मुनाजर पत्नी जुबैदा (28) और दो साल के बेटे आहद के साथ घर में सोया हुआ था।
सोमवार रात करीब दो बजे उसके मकान पर आधा दर्जन बदमाश पहुंचे। दरवाजा खटखटाते हुए बदमाशों ने खुद को पुलिस बताया तो हिस्ट्रीशीटर अपने घर की छत से पड़ोसी के मकान में कूद गया। बदमाशों ने घर में घुसते ही ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
विज्ञापन
डकैती का आरोपी रहा है शाहिद
जुबैदा ने शोर मचाना चाहा तो बदमाशों ने उसके ऊपर गोलियां बरसा दीं। जुबैदा के सीने में दो गोली व पास में सो रहे बेटे आहद के पेट में गोली लगी। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पडे़। लेकिन बदमाश ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख फायरिंग करते हुए फरार हो गए। ग्रामीणों ने पीछा किया, मगर बदमाश जंगलों के रास्ते भाग निकले।
थानाध्यक्ष ओपी सिंह ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर शाहिद के खिलाफ गजरौला, परतापुर, दिल्ली, कंकरखेडा, दिल्ली, टीपीनगर और मेरठ के अन्य थानों में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है। वर्ष 2012 मे टीपी नगर थाना क्षेत्र में तेल व्यवसायी धनंजय जैन के मकान में हुई डकैती में भी शाहिद जेल गया था।
हिस्ट्रीशीटर शाहिद की तहरीर पर गांव सौदत्त निवासी अनीश और उसके भाई शौकीन, बेटे समीर, पड़ोसी गफ्फार पुत्र किफायत और ग्राम शाफियाबाद लोटी थाना मुंडाली निवासी वसीम पुत्र मुन्ने, ग्राम बदरखा थाना गढ़मुक्तेश्वर निवासी तमकीन व मतीन पुत्र मुस्ताक, इमरान पुत्र इस्लाम एवं एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
शाहिद के अनुसार गांव जई नंगला भावनपुर निवासी जुबैदा से छह वर्ष पूर्व शादी हुई थी। दोनों से तीन वर्षीय शाहद व दो वर्षीय आहद हैं। जुबैदा पांच माह की गर्भवती थी। इसकी बदमाशों को जानकारी थी।
ननिहाल गया था शाहद
परिजनों के अनुसार गनीमत रही कि शाहिद का बड़ा बेटा शाहद एक सप्ताह से अपनी ननिहाल गांव जई नंगला गया हुआ था। नहीं तो बदमाश उसे भी नहीं छोड़ते।
कारतूस और खोखे बरामद
वारदात की सूचना पर एसपी देहात डा. प्रवीन रंजन और सीओ सदर देहात श्रीकांत घटनास्थल पर पहुंचे। मौके से 315 बोर का एक कारतूस और दो खोखे बरामद हुए हैं।
कोट - बदमाशों की आपसी रंजिश में हिस्ट्रीशीटर शाहिद की पत्नी और बेटे की हत्या हुई है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।- जे. रविंदर गौड़, एसएसपी