सीतापुर शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को खाना बनाते समय अचानक रसोई गैस सिलेंडर फट गया। हादसे में नौ लोग बुरी तरह झुलस गए। जिला अस्पताल से सभी को नाजुक हालत में लखनऊ सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
गंभीर रूप से झुलसे तीन लोगों ने देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, तीन लोगो का यहां इलाज चल रहा है। ये सभी भी गंभीर हालत में हैं।
मोहल्ला ग्वाल मंडी निवासी रामकुमार के घर में कई परिवार किराए पर रहते हैं। रविवार शाम रामकुमार के घर में एलपीजी गैस सिलेंडर से खाना बनाया जा रहा था। उसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ सिलेंडर फट गया। गैस फैलते ही पूरे घर को आग ने अपनी चपेट में ले लिया।
ये हुए हादसे का शिकार, लखनऊ सिविल अस्पताल में तीन की मौत
- फोटो : amar ujala
सूचना देने के साथ ही मोहल्ले के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और घर में फंसे बच्चों व महिलाओं को किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन तब तक सोनपाल का पुत्र विशाल (7), महेंद्र की पुत्री अंकिता (6), सुशील की पुत्री शीतल (6), बद्री प्रसाद की पत्नी नीतू (30), पुत्र कृष्णा (7), आयुष (3), राजेश की पत्नी किरन, संतोष का पुत्र सुमित (16), छंगा लाल की पुत्री प्रीती देवी (6) बुरी तरह झुलस चुकीं थी। मौके पर पहुंचे दमकल दस्ते को आग पर काबू पाने में दो घंटे लग गए।
उधर, लखनऊ के सिविल अस्पताल में गंभीर रूप से घायल छह लोगों को भर्ती कराया गया। जहां देर रात आयुष, नीतू व एक अन्य महिला ने दम तोड़ दिया।