फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा के पूर्व विधायक को घर के बाहर गोली मारी, 4 खिलाफ मुकदमा

Sun, 03 Jul 2016 02:42 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक मुनीष गौड़ को शनिवार की दोपहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर घायल कर दिया। यह वारदात शहर के पॉश इलाके अवंतिका कॉलोनी में उनके आवास के बाहर हुई। मुनीष गौड़ को घायल अवस्था में ही नजदीकी वरुण ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
विज्ञापन


घटना की पृष्ठभूमि को लेकर पुलिस का कहना है कि  खुद मुनीष गौड़ ने जमीनी विवाद के चलते हमला होने की संभावना जताई है। मामले में पुलिस ने एक नामजद व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मूल रूप से जवां के पौहिना गांव निवासी मुनीष गौड़ अवंतिका कॉलोनी में रहते हैं। वह कल्याण सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में बरौली विधानसभा क्षेत्र से 1993 में विधायक रहे हैं। उनका प्रापर्टी, शराब और ठेकेदारी का कारोबार है।
विज्ञापन


मुनीष गौड़ शनिवार की सुबह परिजनों को किसी आवश्यक काम की बात कहकर चले गए थे। दोपहर करीब 12 बजे के आसपास घर लौटते समय वह कॉलोनी में घर के पास पहुंच गए थे। यहां पर पहले से ही घात लगाकर बैठे आधा दर्जन हमलावर, जो कि कुछ बाइकों पर थे और कुछ पैदल थे, ने हमला बोल दिया।

मुनीष गौड़ के मुताबिक करीब छह सात गोलियां तमंचों से उन पर चलाई गईं लेकिन दो गोली उन्हें लगीं। एक गोली दाएं बाजू में और दूसरी दायीं तरफ ही कमर के हिस्से में लगी।

इसी बीच मुनीष गौड़ का सबसे छोटा बेटा राजा कॉलोनी में ही बने जिम्नेजियम से लौट रहा था। कुछ लोग पास ही में विधायक ठा. दलवीर सिंह के आवास से घटनास्थल की ओर आ रहे थे। फायरिंग की आवाज सुन सभी लोग बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़े। यह देखकर बदमाश तमंचे लहराते हुए भाग गए।

घायल मुनीष गौड़ को उनका बेटा राजा स्कूटी पर ही वरुण ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचा। सूचना मिलने पर क्वार्सी थाना प्रभारी, सीओ, सर्विलांस आदि अन्य पुलिस अधिकारी पहले घटनास्थल और बाद में वरुण ट्रामा सेंटर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल और कॉलोनी के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को घंटों खंगाला।

ट्रामा सेंटर के डॉ. संजय भार्गव का कहना है कि मुनीष गौड़ के शरीर के किसी भी वाइटल पार्ट्स पर कोई चोट नहीं आई है। उनके दो गोलियां लगी थीं। कमर में फंसी गोली को ऑपरेशन के बाद निकाल दिया गया है। अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। बाकी इलाज चल रहा है।

उधर ट्रामा सेंटर में मुनीष गौड़ को देखने महापौर शकुंतला भारती, डीआईजी गोविंद अग्रवाल, एटा के सांसद राजवीर सिंह, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, बरौली से विधायक ठा. दलवीर सिंह सहित तमाम भाजपा नेता और अन्य राजनीतिक दलों के लोग पहुंच गए।

सभी ने घटना की एक स्वर से निंदा की है और हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उधर मुनीष गौड़ परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर रामघाट रोड पर गंगा जवाहर कॉलोनी निवासी बांके बिहारी बंसल और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307 सहित अन्य धाराएं) में मामला दर्ज कर लिया गया है।

थाना क्वार्सी प्रभारी के मुताबिक मेहराज अली और राजेश मित्तल के नाम मुकदमे में शक में रखे गए हैं। इस हमले के पीछे केसी कोर्ट के बराबर वाली जमीन का ही विवाद निकल कर आ रहा है। तीन दिन पहले ही पूर्व विधायक का उक्त प्रकरण में झगड़ा हुआ था। 

'अभी तक भाजपा नेता परिवार की ओर से तहरीर नहीं मिली है। लेकिन प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने स्वर्ण जयंती नगर स्थित केसी कोर्ट के पास स्थित एक जमीन को लेकर तीन लोगों से विवाद होने की बात बताई है और इसी विवाद में हमला होने का अंदेशा भी जताया है। बाकी तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। जिन तीन लोगों की ओर मुनीष गौड़ ने इशारा किया है उनमें एक शहर का प्रापर्टी डीलर, एक बुलंदशहर का रियल स्टेट कारोबारी और एक छर्रा का व्यक्ति शामिल बताया जा रहा है। '
- राजीव कुमार, सीओ तृतीय 

‘मेरी निजी तौर पर आज तक किसी से कोई राजनीतिक, सामाजिक, पारिवारिक या व्यापारिक रंजिश नहीं है। इसलिए मुझे खुद समझ नहीं आ रहा कि आखिर मेरे ऊपर हमला किसने और क्यों करवाया है। हां स्वर्ण जयंती नगर में केसी कोर्ट की बराबर की जमीन पर जरूर कुछ विवाद चल रहा है। इस विवाद के मूल में यह है कि मैंने पांच साल पहले वह जमीन लिखाई है और अब कुछ लोगों ने इस जमीन को लिखा लिया है और कब्जा लेना चाहते हैं ’
विज्ञापन

मुनीष गौड़, पूर्व विधायक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें