खोही (चित्रकूट)। नए साल पर आयोजित समारोह में देर रात तक बज रहा डीजे बंद कराने पहुंचे सिपाही पर डांस कर रहे युवकों ने हमला कर दिया। सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंची तो आरोपी इधर -उधर भागने लगे। पुलिस ने कई लोगों को दौड़ाकर पकड़ा। दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। आखिर में पुलिस ने चार आरोपियों को जेल भेजा है।
चित्रकूट नयागांव थाना क्षेत्र के ज्वालादेवी मोहल्ले में महेश्वरी प्रजापति के घर में किराये से रह रहे गोलू के परिजन बुधवार को नए साल की पार्टी मना रहे थे। वहां रात लगभग 11 बजे तक डीजे बज रहा था। आसपास रहने वाले कई छात्रों ने पुलिस को सूचना दी कि डीजे बजने से परीक्षा की तैयारी में बाधा पहुंच रही है। इस पर यूपी-100 का एक सिपाही वहां पहुंचा और डीजे बंद करने के लिए कहा। सिपाही संतोष ने बताया कि डीजे पर डांस कर रहे कुछ युवकों ने गालीगलौज कर हमला कर दिया। इससे उसे चोट आई। वहां से हटकर उसने थाने में सूचना दी।
सिपाही पर हमले की जानकारी होते ही थाना प्रभारी देवराज शर्मा फोर्स लेकर पहुंचे। यह देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने वहां मौजूद लोगों को दौड़ाकर पकड़ा। कई युवतियां भी शामिल थीं। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया है। सिपाही की तहरीर पर ज्वालादेवी मोहल्ले के राजकरन वर्मा, पूल्लू वर्मा, राजकरन व राजाराम को पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।