मऊ(चित्रकूट)। मऊ थाना क्षेत्र के खंडेहा लक्ष्मीपुर के एक युवक के जांघ में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीडि़त ने बताया कि दो अज्ञात युवक बाइक से आये और उसे गोली मारकर भाग गये। वहीं मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों के बयान व पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध बताया गया। आशंका जताई गई कि दोस्तों की पार्टी के बीच धोखे से चली गोली से युवक के पैर में गोली लगी है।
लक्ष्मीपुर गांव निवासी गोलू पटेल (26) ने बताया कि सोमवार की रात को वह अपने दोस्तों के साथ गांव के बाहर एक स्थान पर पार्टी कर रहा था। इसी बीच बाइक से मुंहबांधकर दो युवक आये और गाली गलौज करने लगे। विरोध किया तो तमंचे से फायर कर दिया। गोली उसके दाहिने जांघ में लगी। गोली लगते ही वहां अफरा तफरी मच गई। उसके दोस्त विवेक सिंह ने उसे लेकर जिला अस्पताल लाया। जहा उसका इलाज जारी है। इस संबध में पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम पूंछताछ में मामला संदिग्ध मिला है। पीडि़त पक्ष द्वारा घटना की पुलिस सूचना नहीं दी गई। स्थानीय पुलिस की प्रथम जांच में कई लोगों ने बताया कि दोस्तों की पार्टी के दौरान ही तमंचे से फायर होने पर गोली गोलू के पैर में लगी है। इस घटना में खुद को बचाने के लिए अन्य कहानी बताई जा रही है। पीडि़त से भी पूछताछ की गई है। तमंचा किसका था और किसके पास है इसकी जांच हो रही है। फिलहाल अभी तक की जांच में लूट या किसी नकाबपोश द्वारा गोली चलाने की बात सामने नहीं आ रही है। पूरे मामले की मऊ थाना पुलिस जांच कर रही है।