संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। दो स्थानों पर चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक व एक श्रद्धालु की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने दोनों के शव की शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दी।
देवरिया के हरकोली गांव निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उसका पुत्र सुधीर कुमार (19) छत्तीसगढ़ में रहने वाले अन्य परिजनों के पास मजदूरी करने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में चलती ट्रेन में वह मानिकपुर आउटर के पास गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सोमवार की शाम को पुलिस से सूचना मिली तब वह मंगलवार को चित्रकूट पहुंचे। जीआरपी टीम ने शव का पंचनामा कराया।
इसी क्रम में महोबा के अजनर थाना क्षेत्र निवासी संगम लाल ने बताया कि उसके पड़ोसी ओरा लाल (65) अक्सर चित्रकूट दर्शन करने अकेले आते थे। 28 सितंबर को भी वह ट्रेन से दर्शन करने की बात कहकर घर से आए थे। कर्वी स्टेशन के नजदीक डाट पुल के पास वह चलती ट्रेन से गिर गए। उनके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। वह खेती का काम करते थे। जीआरपी थाना प्रभारी शालिनी भदौरिया ने बताया कि उनकी जेब में मिले कागजात के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। मंगलवार को उनका पंचनामा कराया गया।
-इनसेट
नहीं मिली एंबुलेंस तो यहीं कराया अंतिम संस्कार
चित्रकूट। देवरिया जिले के सुनील कुमार ने बताया कि वह परिवार के साथ अपने पुत्र का शव लेकर गांव जाना चाहते थे। उनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। ऐसे में निशुल्क एंबुलेंस दिलाने के लिए प्रार्थना पत्र लिए भटकता रहा, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। एंबुलेंस न मिलने से परेशान होकर परिजनों ने वहां मौजूद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से प्रार्थना की कि श्मशान घाट तक को वाहन से शव पहुंचा दें, ताकि यहीं अंतिम संस्कार करा सकें। इस पर वहां मौजूद समाजसेवी बल्दाऊ गौतम ने पीड़ित परिजनों की मदद की। संवाद
फोटो 28 सीकेटीपी-16- परिचय- सुधीर कुमार- फाइल फोटो- परिजन। संवाद