टूटे तार और खंभे ठीक करते कर्मचारी।
- फोटो : संवाद
चित्रकूट। शहर के शंकर बाजार गंगाजी रोड पर पेड़ गिरने से बिजली के खंभे टूट गए थे। इससे लगभग 24 घंटे से बिजली की आपूर्ति बाधित है। बिजली न आने से तीन मोहल्ले में जलापूर्ति गुरुवार को नहीं हुई। ऐसे में लोगों को गलियों में दूर लगे हैंडपंप से पानी का इंतजाम करना पड़ा। इस कारण मोहल्ले के दो स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया।
शंकर बाजार में बुधवार की शाम दिवाकर अस्पताल के पास पीपल का बड़ा पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया था। इससे बिजली के दो खंभे और तार टूट गए। इस कारण तीन मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बंद रही। गुरुवार की शाम तक यही स्थिति रही। स्थानीय निवासी सुशील सिंह ने बताया कि गर्मी के दिनों में रात भर बिजली नहीं आई। दिन में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। घर परिवार व पड़ोस के लोगों को सड़क के उस पार जाकर पानी लाना पड़ा। राहुल कुमार ने बताया कि बिजली पानी न मिलने से गुरुवार को आसपास के कई बच्चे स्कूल नहीं गए।
बिजली पानी की समस्या को देखते हुए शंकरबाजार, खटकाना, शंकरगंज में संचालित छोटे बच्चों के स्कूल चित्रकूट पब्लिक स्कूल व अन्य स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया। वन विभाग की टीम ने पेड़ को रास्ते से हटवा दिया है। बिजली विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में नया बिजली का खंभा लगा दिया गया। दोपहर तक तार बिछाने का काम होता रहा। अधिशाषी अभियंता दीपक सिंंह ने बताया कि खंभे व तार बदलने के बाद रात आठ बजे बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है।