धर्मनगरी के रामघाट स्थित मंदाकिनी नदी में चलाए सफाई अभियान में कई मजदूरों ने बिना धनराशि लिए मजदूर दिवस पर श्रमदान किया। उन्होंने नदी की गंदगी की सफाई की। समाजसेवी अरूण गुप्ता ने बताया कि मजदूरों ने खुद ही एक दिन बिना मजदूरी के काम करने का फैसला किया।
समाज सेवी ने बताया कि 30 अप्रैल तक किए गए काम का भुगतान सिंचाई विभाग की ओर से कराया जा रहा है। इस पर मजदूरों ने एक दिन की मजदूरी लेने से मना कर दिया है। शुक्रवार को मंडलायुक्त गौरव दयाल डीआईजी दीपक कुमार के साथ काम का जायजा लेने पहुंचे। यूपी एमपी प्रशासन द्वारा मिलकर कराए जा रहे इस काम की सराहना की।
वहीं, रामघाट में नदी में पड़ी बालू की बोरियों को निकाल रहे मजदूरों को समाज सेवी अरूण गुप्ता ने 50 रुपये देकर भोजन कराया। सिंचाई विभाग ने भी मजदूरों को मजदूरी दी। मंडलायुक्त व डीआईजी ने डीएम शेषमणि पांडेय, एसपी अंकित मित्तल, डीएम सतना अजय के साथ मिलकर रामघाट में मंदाकिनी सफाई कर रहे लोगों के साथ पंचायत भवन खोही, बरहा हनुमान मंदिर के पास रह रहे जरूरतमंदों को रुपये दिए।
इस दौरान मंडलायुक्त ने डीएम से कहा कि सिंचाई विभाग के जिस ठेकेदार ने पहले काम कराया था उस पर कार्यवाई कराएं। उन्होंने सतना डीएम से मध्य प्रदेश की तरफ मंदाकिनी की सफाई कराने को कहा।