विकास कार्य ठप होने के साथ-साथ प्रदेश की कानून व्यवस्था भी ध्वस्त है। प्रदेश के मंत्री और विधायक अवैध खनन कराकर प्राकृतिक संपदा को लूटने में जुटे हैं। जनता को अब बसपा शासनकाल की याद आने लगी है। ये बातें शनिवार को रामलीला मैदान में बसपा के जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के जोनल कोआर्डिनेटर रामजी गौतम ने कहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नई ऊर्जा और उत्साह के साथ 2017 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन का शुभारंभ बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। रामजी गौतम ने कहा कि बसपा शासनकाल में माफिया और बदमाश जेल के अंदर थे। लेकिन सपा सरकार बनते ही माफियाओं का राज हो गया है। उन्हाेंने सपा और भाजपा के बीच सांठगांठ होने का आरोप लगाया। विशिष्ट अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री आरके सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से कहा कि गांव-गांव बसपा की नीतियों को पहुंचाएं।
पार्टी संगठन को सेक्टर और बूथ स्तर पर मजबूत करने की जरूरत है। मऊ-मानिकपुर विधायक चंद्रभान सिंह पटेल ने कहा कि बसपा को छोड़कर सभी राजनीतिक दलों की विचारधारा सिर्फ सत्ता हासिल करना है। उन्होंने कहा कि बसपा ही एकमात्र ऐसा दल है, जो सामाजिक परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहा है। मौके पर जिलाध्यक्ष रामलखन निषाद, मंडल कोआर्डिनेटर बीएम कुशवाहा एवं बल्देव प्रसाद वर्मा, कौशलेंद्र कुमार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश कुमार पटेल, दरबारी लाल, हीरालाल वर्मा, शक्तिप्रताप सिंह, जगदीश गौतम आदि मौजूद रहे।