समाजवादी पार्टी कार्यालय में शनिवार को जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष भइयालाल यादव ने कहा कि प्रदेश कार्यालय ने सपा के पूर्व नामित अथवा निर्वाचित तथा पूर्व में संगठन के पदों पर रहे कार्यकर्ताओं का विवरण मांगा है। निर्धारित प्रारूप भरकर ऐसे लोग जल्द से जल्द पार्टी कार्यालय में जमा कर दें।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के बुलेटिन का लक्ष्य जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों से कार्यसमिति बनाकर अनुमोदन कराने को भी कहा। कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप काम न करने वाले अधिकारी सचेत हो जाएं।
पूर्व सांसद बाल कुमार ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपनी समस्याएं बताएं, समाधान का प्रयास मिलकर किया जाएगा। जिले में जो भी अधिकारी कार्यकर्ताओं का काम नहीं करेगा, उसके खिलाफ सरकार से कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने जिलाध्यक्ष को इस बात के लिए धन्यवाद दिया कि उन्होंने एक संतुलित कार्यकारिणी बनाई है।
जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर लाल यादव ने कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। बैठक का संचालन अनिल शर्मा ने किया। मौके पर सत्यनारायण पटेल, गौरीशंकर मिश्रा, मो. गुलाब खां, गुलाब गुप्ता, श्याम बिहारी यादव, भोलानाथ खंगार, फराज खां, मो. आमिर फारुकी लल्लू मोदनवाल आदि मौजूद रहे।