चित्रकूट। जिले की बैंक शाखाओं में मंगलवार को कर्मचारियों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।
कर्मचारी काउंटर पर उपभोक्ताओं का काम तो कर रहे थे पर हाथों में काली पट्टी और सीने पर काला बिल्ला लगा था। यूपी बैंक एम्प्लाइज यूनियन के आह्वान पर विरोध प्रदर्शन में बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक सहित जिले की सभी प्रमुख बैंक शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने बैंक परिसर के बाहर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी भी की।
यूपी बैंक एम्प्लाइज यूनियन के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि जब बीमा और अन्य वित्तीय क्षेत्रों में पांच दिन का काम होता है, तो बैंक कर्मचारियों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है। इस दौरान जिला महामंत्री देवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष अवनीश श्रीवास्तव, संरक्षक केशव प्रसाद समेत अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। (संवाद)