Work continued in panic, police searching in the forest
- फोटो : CHITRAKOOT
मानिकपुर/सरैंया (चित्रकूट)। रैपुरा वन रेंज के गाडा कछार गढचपा पौधशाला पर डाकू गौरी यादव गैंग द्वारा फायरिंग कर दहशत फैलाने का असर फिलहाल तीसरे दिन भी देखा गया। पौधशाला में वन विभाग के रेंजर व पुलिस की मौजूदगी में पौधरोपण का काम तो जारी रहा, लेकिन मजदूरों के चेहरे में दहशत भी दिखी। उधर, मानिकपुर व सरैंया के पहाड़ों से लेकर महुलिया जंगल में भारी पुलिस टीम ने डेढ़ लाख के इनामी डाकू गौरी यादव गैंग की तलाश में सर्चिंग अभियान चलाया।
गौरतलब है कि मंगलवार की शाम को डाकू गौरी यादव गैंग ने वन विभाग के गाडा कछार गढचपा पौधशाला में पहुंचकर वनकर्मियों व मजदूरों को डरा धमका कर हवाई फायरिंग की। इसके बाद चौथ पहुंचाने की धमकी देकर काम बंद करा दिया था।
मानिकपुर थाने में डाकू गौरी समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी दहशत तो दिखी लेकिन मजदूर मौजूद रहे और पौधशाला में काम जारी रहा। वन रेंजर राधेश्याम ने बताया कि पुलिस सुरक्षा मौजूद रही लेकिन कुछ कम मजदूर आये थे। काम दो दिन से लगातार जारी है।
उधर, पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल के साथ राजापुर सीओ एसपी सोनकर और एसओजी टीम ने जंगल में डाकूओं की तलाश में कांबिंग की। मानिकपुर, मारकुंडी, सरैंया, रैपुरा थाने की पुलिस टीम शामिल रही। इटवां, महोलिया, धौराही, कौबरा, गौरिया,देशाह के जंगल में डकैतों की तलाश की गई। फिलहाल अभी पुलिस टीम को कोई सफलता नहीं मिली है।