चित्रकूट। जिले के भरतकूप क्षेत्र में पर्यावरण नियमों की अनदेखी कर संचालित क्रशर मिलों की जांच जारी है। अब तक सीज पांच क्रशर मिलों के संचालकों को 32 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इन सभी को पर्यावरण की क्षतिपूर्ति नोटिस भी जारी किया है।
भरतकूप क्षेत्र में संचालित क्रशर मिलों में एनजीटी के नियमों की अनदेखी करने पर छह माह पूर्व लगभग 50 क्रशर मिल सीज किए गए थे। इन सीज क्रशरों के चोरी छिपे संचालन कराने की जानकारी पर डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। एडीएम जीपी सिंह की अध्यक्षता में गठित टीम ने दो दिन की जांच के दौरान पांच क्रशर के संचालन होने पर इन्हें सीज कराकर डीएम को रिपेार्ट भेजी है।
प्रदुषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी घनश्याम ने बताया कि इन सीज किये गए क्रशर संचालकों को 32 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही सभी को पर्यावरण की क्षति पूर्ति का नोटिस भी जारी कर दस दिन के अंदर जवाब मांगा गया है। बृहस्पतिवार को एडीएम ने बताया कि लगातार क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर संचालित क्रशरों की जांच कराई जा रही है। सभी क्रशर संचालकों को एनजीटी के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।