फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुल्हाड़ी मारकर महिला की हत्या

Wed, 03 Aug 2016 11:00 PM IST
चित्रकूट
विज्ञापन
विज्ञापन
थानाक्षेत्र के परदवां गांव के कनभय पुरवा के पास पति के साथ जंगल में बकरी चराने गई महिला की पांच हमलावरों ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पति ने जंगल में छिपकर किसी तरह जान बचाई। घटना की जानकारी होने पर एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा लेकिन कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया। पांच लोगाें के खिलाफ नामजद रिपार्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन


कनभय पुरवा निवासी माया देवी निषाद (35) मंगलवार की शाम पति बच्चा लाल के साथ बकरियां चराने जंगल गई थी। बच्चा लाल के अनुसार, वह पेड़ के पास पत्थर पर बैठा था। तभी पांच लोग हाथों में कुल्हाड़ी व सरिया लेकर आए और गाली देते हुए उसकी ओर दौड़े।

वह बचने के लिए भागा, तो यह देखकर कुछ दूरी पर बकरी चरा रही उसकी पत्नी दौड़कर आ गई और हमलावरों को रोकने का प्रयास किया। इसी बीच हमलावरों ने उसके सिर व गले में कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गई।
विज्ञापन



यह देखकर हमलावर भाग गए। हमलावरों के जाते ही वह पत्नी के पास पहुंचा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना पुरवा में दी। उधर, जानकारी होते ही एसपी केके चौधरी, एएसपी अशोक कुमार, सीओ महेंद्र शुक्ला व थानाध्यक्ष केशव वर्मा मय फोर्स व डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

एसपी ने बताया कि घटनास्थल से कुछ बरामद नहीं हुआ है। मृतका के परिजनों से जानकारी मिली है कि हमलावरों से इस परिवार का पेड़ों को लेकर पुराना विवाद है। हत्या का कारण भी यही है। मृतका के पति की तहरीर पर पुरवा के भगवती, चुल्ला, बउरा, बिखाई और फूलचंद्र निषाद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

घटना के बाद मृतका की बकरियां अभी तक घर नहीं पहुंची हैं। मृतका के जेठ संतोष कुमार ने बताया कि परिवार की 17 बकरियां लेकर बच्चा व उसकी पत्नी चराने गए थे। बुधवार की सुबह तक बकरियां नहीं मिली हैं।

इस हत्याकांड में महिला की हत्या तो इत्तेफाक मानी जा रही है। थानाध्यक्ष केशव वर्मा के अनुसार, हमलावर बच्चा निषाद से पुराना विवाद होने के कारण मारपीट करने आए थे। पति को बचाने दौड़ी पत्नी के रास्ते में आने पर हमलावरों ने उसकी हत्या कर दी है। किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा। पूछताछ के लिए आरोपियों के चार परिजनों से पूछताछ की जा रही है। जल्द आरोपियों को भी पकड़ा जाएगा।

मृतका माया ने 29 मार्च 2016 को थाने में सूचना दी थी कि कई साल पहले ग्राम समाज की जमीन पर आम, जामुन, कैथा, महुआ व नीम के 30 पौधे रोपे थे। अब सभी पेड़ तैयार हो गए हैं तो भगवती आदि के परिवार पेड़ों को अपना बताकर कब्जा करना चाहते हैं। जिसे लेकर 28 मार्च को बगीचे में आकर गाली गलौच की थी और जान से मारने की धमकी दी थी।

इस शिकायत पर पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। यदि समय रहते आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होती, तो शायद इसका अंजाम ऐसा न होता। पुलिस का भी मानना है कि दोनों पक्ष के बीच इन्हीं पेड़ों पर कब्जे को लेकर विवाद है और हत्याकांड भी इसी का परिणाम है।
विज्ञापन


कनभय पुरवा में महिला की हत्या के बाद उसके दो पुत्र व दो पुत्रियों का रोरोकर बुरा हाल है। इसके अलावा पूरे पुरवा में शोक है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें