बांदा। किराये के कमरे में बच्चों के साथ रह रही महिला का शव जमीन में पड़ा पाया गया। मुंह से झाग निकलता देख मायके पक्ष से आए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के शिवनायक का पुरवा निवासी गुड़िया (27) का शव शुक्रवार को दोपहर घर के कमरे में जमीन में पड़ा पाया गया।घर पहुंचे जेठ रामसनेही ने पुलिस को सूचना दी। रामसनेही ने बताया कि गुड़िया अरतरा मौदहा हमीरपुर की रहने वाली थी। वह दो महीने से देहात कोतवाली क्षेत्र के शिवनायक सिंह के पुरवा में सुलखान प्रजापति के मकान में किराये से रह रही थी। पति सुरेंद्र सोनकर बेलदारी करता है। उसके तीन पुत्र हैं। सभी छोटे हैं।
बच्चों ने बताया कि देर शाम पिता व मां का झगड़ा हुआ था। पिता ने मां को मारा-पीटा था और कुछ खिला दिया था। उधर, मायके पक्ष से आए फुफेरे भाई राज ने बताया कि बच्चे पिता पर जहर खिलाने की बात कह रहे हैं। राज ने जहर खिलाकर हत्या की आशंका जताई है।
देहात कोतवाली इंस्पेक्टर सुखराम सिंह ने बताया कि 23 मई को पति-पत्नी का आपसी विवाद हुआ था। आशंका है कि महिला ने जहर खा लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। मायके पक्ष से आए लोगों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।