चित्रकूट। भरतकूप शिवरामपुर रेल लाइन के बीच शनिवार की देर रात एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर परिजनो ने शव की शिनाख्त की। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से बीमार थी।
बांदा जिले के बदौसा थाना के उदयपुर भुसासी की रामदुलारी ने बताया कि बड़ी बहन शिवप्यारी कुशवाहा (45) की शनिवार की रात को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया कि बहन मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं, उनका इलाज भी चल रहा था। शनिवार को मांं का निधन हुआ था। परिवार के सभी सदस्य घर में थे और यह शिवप्यारी बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गईं।
रविवार को तड़के जीआरपी ने फोन कर बुलाया। इसके बाद उसकी शिनाख्त हुई। यह भी बताया कि मानसिक रूप से कमजोर होने के चलते शिवप्यारी को पति ने छोड़ दिया था। तभी से मायके में रहती थी। ससुराल अतर्रा के चौसड़ गांव में है।