डीएम को ज्ञापन देते व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी मोनिका रानी को दिया। जिसमें नोट बंदी से हो रही समस्याओं को समाप्त कराने की मांग की गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री से मंडी शुल्क खत्म कराने को भी ज्ञापन दिया गया।
शुक्रवार को जिलाध्यक्ष पंकज अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर नारेबाजी की। नोट बंदी से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी का जिक्र कर कहा गया कि इससे जल्द निजात दिलाई जाए। गल्ला व्यापारियों को लगने वाला मंडी शुल्क समाप्त किया जाए।
जिससे भ्रष्टाचार में कमी आएगी। इनकम टैक्स के स्लैब में बडे़ बदलाव की आवश्यकता है। जिले में चलाई जा रही मुद्रा योजना में बैंकाें से गलत आंकडे़ भेज जा रहे हैं। इसकी जांच कराई जाए। मुद्रा योजना की राशि 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख की जाए।
चित्रकूट जिला पिछडे़ इलाके में होने के कारण यहां व्यापार व लघु उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए। नोट बंदी में व्यापारियों को निकासी की लिमिट बढ़ाई जाए। रजिस्टर्ड व्यापारी की बीमा राशि एक करोड़ की जाए।