कोहरे में लाइट जलाकर और स्कूली बच्चे लेकर जाते वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
सर्द हवाओं और कोहरे ने ट्रेनों व बसों की गति मंद कर दी है। कोहरे को देखते हुए रेल विभाग ने इटारसी-छिवकी पैसेंजर अप-डाउन दोनों रद्द कर दी हैं। इसके अलावा तमाम ट्रेनें घंटों लेट पहुंच रहीं हैं। वहीं आम जनजीवन भी अस्तव्यस्त हो गया है। घने कोहरे के कारण दोपहर तक वाहन सड़क पर हेडलाइट जलाकर गुजरते हैं। जबकि स्कूल जाने वाले बच्चे भी कांपते हुए स्कूल पहुंच रहे हैं। डीएम के आदेश के बाद भी दूसरे दिन भी प्राइवेट स्कूल प्रबंधकों ने स्कूल खुलने का समय सुबह दस बजे नहीं किया।
कोहरा की मार पड़ने से ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ा है। मानिकपुर जक्शन में तीन दर्जन से अधिक ट्रेनें आती है। जिसमें सुदूर क्षेत्र से आने वाले जाने वाले यात्री होते हैं। जिसमें सभी ट्रेनें लेट चल रहीं हैं। मानिकपुर स्टेशन से जिले के मजदूर तबके के लोग रोजगार की तलाश में मुंबई, मदुरई, कोलकाता आदि शहरों में जाने के लिए बैठे रहते हैं।
मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर रामनारायण पाल, लवलेश पांडेय, महेश सिंहं ने बताया कि लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से उन्हें जाना है। लेकिन ट्रेन लेट होने से वह दो घंटे से स्टेशन में ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं स्टेशन प्रबंधक जवाहर लाल ने बताया कि कोहरे व सर्दी को देखते हुए 51189 व 51190 अप-डाउन इटारसी पैसेंजर को रद्द कर दिया गया है। यह ट्रेन प्रतिदिन मानिकपुर तक तो आएगी लेकिन इसके आगे छिवकी तक नहीं जाएगी इसके लिए काशी एक्सप्रेस और कामायनी एक्सप्रेस को इलाहाबाद से मानिकपुर तक सभी स्टेशनों में स्टापेज कराया जाएगा।