एक लाख के इनामी डाकू गौरी यादव गैंग के सक्रिय सदस्य को मध्य प्रदेश पुलिस ने दबोच लिया है। इसके कब्जे से देशी राइफल व कारतूस बरामद हुए हैं। इस पर यूपी व एमपी में 10 मामले दर्ज हैं।
जिले केे सीमावर्ती क्षेत्र बरौंधा, धारकुंडी, नयागांव और मझगवां में सोमवार सुबह कुख्यात डाकुओं की मौजूदगी की सूचना मिली। बरौंधा थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह की टीम ने सहाय तालाब के पास कुछ डकैतों की घेराबंदी की। इस दौरान भागते समय बरौंधा के पोखरिया निवासी इंद्रपाल उर्फ लोलार यादव को पुलिस ने धर दबोचा।
पकड़ा गया डाकू इंद्रपाल पांच हजार का ईनामी है। इस पर यूपी-एमपी क्षेत्र में कुल 10 मामले दर्ज हैं। सतना एसपी मिथलेश कुमार ने बताया कि पकड़ा गया डाकू कुख्यात गौरी यादव का रिश्तेदार और गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके पास से देशी राइफल व कारतूस बरामद हुए हैं। इसका भाई भोला यादव भी 20 हजार का ईनामी है और फरार चल रहा है। पूछताछ में इंद्रपाल ने बताया कि सरगना गौरी गैंग छोड़कर कुछ दिनों पूर्व गांव आया था। गैंग इस समय कहां है, इसका पता नहीं है।