घरेलू विवाद से गुस्साए युवक ने खेत से घर लौट रही पत्नी को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को भरतकूप चौकी क्षेत्र के टिटिरिहा गांव में यह घटना हुई।
टिटिरिहा गांव निवासी भोलिया देवी (35) का सुबह घर में पति गुमान सिंह से घरेलू मामलों को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद भोलिया देवी छोटी पुत्री के साथ खेत चली गई। दोपहर को गुमान सिंह अवैध असलहा लेकर खेत पहुंचा और पत्नी को गाली देने लगा।
गालीगलौज से आहत भोलिया देवी जब पुत्री के साथ घर जाने लगी तो पति ने उस पर ताबड़तोड़ दो फायर झोंक दिए। इससे भोलिया देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के खेतों पर काम कर रहे ग्रामीणों को आता देख गुमान सिंह फरार हो गया।
घायल भोलिया देवी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। भरतकूप चौकी प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया घायल महिला या किसी परिजन ने घटना की तहरीर नहीं दी है। फरार आरोपी को
अवैध रूप से असलहा रखने और फायरिंग करने के आरोप में जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।