चित्रकूट। नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्वी में आयोजित जिला स्तरीय युवा संसद में युवाओं ने सरकारी भूमि पर दबंगों के कब्जा होने के मामले उठाए और कहा कि जब मैदान ही नहीं तो कैसे आगे बढ़ेंगे खिलाड़ी।
युवाओं ने जब सरकारी भूमि पर दबंगों के अतिक्रमण के प्रश्न किए तो एडीएम बंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसी समस्याओं की सूचना अफसरों को जरूर दें। कहा कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब ऑनलाइन सिस्टम लागू हो गया है। युवाओं की जिम्मेदारी है कि वह गरीब पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मददगार बनें। युवा रामआसरे ने प्रश्न उठाया कि गांव में मैदान नहीं बचे। बच्चे कहां खेलें, कैसे प्रतिभाएं आगे बढ़ेंगी। इस पर एडीएम ने कहा कि सभी प्रधान खेल मैदान बनवाएं और सूची युवा कल्याण विभाग तैयार करें। एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
जिला कल्याण अधिकारी मतगंजन प्रसाद ने योजनाएं बताई। प्राचार्य डॉ. राजेश पाल ने कहा कि कार्यक्रम युवाओं के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा। संयोजक आईपीएस प्रवीण कुमार सक्सेना ने आभार जताया। कहा कि युवाओं के सुझावों को अमलीजामा पहनाने के लिए भारत सरकार को रिपोर्ट भेजी जाएगी। शिक्षक शंकर प्रसाद यादव ने युवाओं को कई टिप्स दिए। संचालन प्राध्यापक डॉ. वंश गोपाल ने किया। इस मौके पर सर्वोदय सेवा आश्रम के अभिमन्यु, डॉ. नीरज गुप्ता डॉ. सीमा कुमारी, आर्यावर्त बैंक के अधिकारी अनुराग शुक्ला, कृषि विभाग के डा. सुनील कुमार ने भी विचार रखे। नेहरू युवा केंद्र के अनुपम सिंह, राजू कुशवाहा, मोहम्मद नसीम आदि मौजूद रहे।