चित्रकूट। कर्वी कोतवाली अंतर्गत चितरागोकुलपुर गांव में रविवार को एक परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी व मारपीट की सूचना पर पहुंची से भी परिजनों की तीखी नोकझोंक व कहासुनी हो गई। सिपाहियों के बार-बार समझाने के बाद भी ग्रामीण उन्हें वहां से लौटने का दबाव बनाते रहे। आसपास के लोगों की मदद से मामला शांत हुआ।
बांदा निवासी रीना देवी ने बताया कि उसकी शादी चितरागोकुलपुर गांव में हुई है। ससुरालीजन दहेज की खातिर परेशान करते हैं तो उसने बांदा में इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रविवार को वह स्थानीय पुलिस को सूचना देकर ससुराल से अपना कुछ सामान लेने आई। जैसे ही वह गांव के घर पहुंची तो देवर रामसुमेर व सास मीरा ने कहाकि जब मुकदमा लिखा दिया है तो यहां क्या लेने आई हो। उसे घर में नहीं घुसने दिया। इसे लेकर कहासुनी गाली गलौज होने लगी। जानकारी मिलते ही सीतापुर चौकी से तीन सिपाही भी पहुंचे। पुलिस को देख ससुरालीजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गए। पुलिस से गांव से लौटने के लिए कहा। इसे लेकर पुलिसकर्मियों व परिजनों से तीखी नोंक-झोंक होने लगी। मामला गंभीर होता गया। चौकी प्रभारी अनिल गुप्ता मय फोर्स पहुंचे। इसी बीच कुछ अन्य ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाया। इस विवाद का वीडियो भी वायरल हुआ।
सीओ सिटी राजकमल ने बताया कि मामले की जानकारी अभी नहीं है। कोई वीडियो नहीं देखा है। चौकी प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि मामला निपट गया है। पुलिस से कोई खास कहासुनी नहीं हुई। दोनों पक्षों को नियमानुसार कार्य करने की बात समझा कर शांत कराया गया।