चित्रकूट। भगवान राम की तपोभूमि पर गायक असित ठाकुर और ज्योति ठाकुर की म्यूजिशियन टीम ने जैसे ही राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी... गीत सुनाया दर्शक झूम उठे। लगा दिवाली की रात से पहले ही राम दीपदान करने मंदाकिनी के किनारे पहुंच गए हैं। तीन घंटे तक चले कार्यक्रम में कई धार्मिक गीतों की प्रस्तुति हुई।
दिवाली मेले में उप्र चित्रकूटधाम तीर्थ विकास परिषद की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों धूम है। असित ठाकुर व ज्योति ठाकुर की म्यूजिशियन की टीम ने ऐसी समां बांधी कि श्रोता देर रात तक डटे रहे। इसके अलावा नौ अन्य स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जा रही है। रामायण मेला में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम में दोनों गायकों ने भगवान राम पर आधारित गीतों की प्रस्तुति की। चित्रकूट की महिमा को अयोध्या से जोड़कर जब गाने सुनाए तो दर्शक ने खूब ताली बजाई।
इससे पहले डीएम शिवशरणप्पा, सीडीओ अमृतपाल कौर, डॉ. तनुषा टीआर, एसडीएम पंकज वर्मा की मौजूदगी में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। धर्मनगरी के संत महंतों का मंच पर सम्मान किया गया।