अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। पांच माह से वेतन न मिलने से भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके जल संस्थान के कर्मचारियों ने गुरुवार को मशाल जुलूस निकालकर विरोध जताया। उनके समर्थन में किसान नेता सहित व्यापारी नेता भी पहुंचे। कर्मचारियों ने चेताया कि जल्द बकाया वेतन न मिला तो शहर की जलापूर्ति बंद कर देंगे।
जल संस्थान के कर्मचारी विभाग के कार्यालय के सामने तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद गुरूवार को शहर में शाम मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। जल संस्थान के कर्मचारियों का समर्थन करने के लिए किसान नेता विशाल मिश्र, व्यापारी नेता शानू गुप्ता, सेवा निवृत्त कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष वीरेद्र द्विवेदी आदि पहुंचे। कर्मचारियों की मांग है कि पांच माह का वेतन व लंबित भुगतान किया जाए। सेवा निवृत्त कर्मचारियों का भविष्य निधि दिया जाए। इस मौके पर जल संस्थान के महासंघ के अध्यक्ष साधो शरण सिंह, जिला महामंत्री अरूण कुमार पांडेय, कुद्दस खां, शिवप्रसाद, श्याम नारायण मिश्र, कलीमुद्दीन, बेग, वसीम खा, राजेंद्र प्रसाद गोपाल मिश्रा, रामस्वरूप आदि मौजूद रहे।