चित्रकूट। कुबेरगंज मोहल्ले में हनुमान गली में लगे नलों से दिनभर पानी बहता रहता है। कोई वाल्व बंद करने वाला नहीं।
पानी सड़कों पर बहकर नाली में जा रहा है, लेकिन इसी गली से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित काली देवी मंदिर वाली बस्ती में पिछले कई दिनों से नलों की टोटी सूखी पड़ी है। इसे लेकर लोग नाराज हैं।
लोगों का कहना है कि टुल्लू मोटर लगाने पर भी सिर्फ हवा निकलती है। यही हाल तरौहा और बल्दाऊगंज के ऊंचाई वाले इलाकों का है। तरौहा में ऊंचाई पर बसे घरों तक पानी का प्रेशर ही नहीं पहुंचता। बल्दाऊगंज में बिजली के भरोसे सप्लाई है, लाइट जाते ही पानी गायब हो जाता है।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता फरहत हुसैन ने कहा कि जिन मोहल्लों में नलकूप लगे हैं, वहां सप्लाई अधिक होना स्वाभाविक है। शहर के अन्य वंचित मोहल्लों के लिए जल निगम के साथ समन्वय कर नई जलापूर्ति योजना तैयार की जा रही है, जिससे जल्द ही समान वितरण होगा।
-
जरूरत के हिसाब से पानी मिले
हर मोहल्ले को उसकी जरूरत के हिसाब से पानी मिले। पुरानी लाइनों को हटाकर नई बड़ी लाइनें डालना ही स्थायी समाधान है, वरना लोग टुल्लू के भरोसे ही रहेंगे।-नरोत्तम पांडेय, पूर्व सभासद
जिन बस्तियों में पाइपलाइन फेल है, वहां के पुराने कुओं में ही नलकूप लगा दिए जाएं, इससे कम लागत में तुरंत पानी पहुंचेगा। - रमेश सोनी, पूर्व सभासद।
फोटो 28 सीकेटीपी 10 रमेश सोनी। संवाद- फोटो : Archive