चित्रकूट। जिला अस्पताल में अब पेयजल संकट दूर हो जाएगा। अस्पताल परिसर में एक स्थान पर बोरिंग सफल हो गई है। ऐसे में अब वार्ड से लेकर काॅलोनी व अन्य स्थान पर पानी की आसानी से उपलब्धता होगी।
अमर उजाला ने जिला अस्पताल में पेयजल संकट की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की थीं। इसे लेकर सपा विधायक अनिल प्रधान ने विधान सभा में सवाल भी उठाया था। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने जवाब दिया था कि पहले की बोरिंग फेल होने से पेयजल संकट है। नई बोरिंग कराई जा रही है। रविवार से अब तक तीन स्थानों पर बोरिंग कराई गई। दो जगह तो पानी बहुत कम मिला, लेकिन तीसरी जगह पर्याप्त पानी मिल गया है। ऐसे में अब अस्पताल में पेयजल का संकट दूर होगा।
सीएमएस डॉ. वंदना श्रीवास्तव ने बताया कि टेंडर कराकर नये स्थान पर बोरिंग करा दी गई है। जल्द ही इसे मुख्य लाइन से जोड़ दिया जाएगा। इससे अस्पताल में पानी का संकट दूर होगा।