चित्रकूट। शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के बिहारा गांव के ठेकेदार के घर का ताला तोड़कर चोरों ने 10 लाख से अधिक के जेवर व नकदी पार कर दी। इलाज कराकर घर लौटे परिजनों ने जब अंदर के कमरों का ताला टूटा देखा तो चोरी की जानकारी हुई।
भुक्तभोगी ठेेकेदार दिलीप मिश्रा ने बताया कि वह पूरे परिवार के साथ दो दिन पूर्व दतिया मप्र इलाज कराने गये थे। उनके साथ ही उनके भाई अशोक मिश्रा का भी परिवार था। जब लौटकर घर के अंदर पहुंचे तो कई कमरों के ताले टूटे मिले।
अलमारी भी खुली मिली। छत के रास्ते के दरवाजे के ताले टूटे मिले। उन्होंने बताया कि चोर सूने घर का फायदा उठाकर छत के रास्ते आये और कमरे व अलमारी के ताले तोड़कर एक लाख रुपये के अलावा दोनों भाइयों की अलमारी से लगभग नौ लाख के जेवर गायब मिले हैं। उन्होंने बताया कि घर में रात को सोने के लिए दो भाई जाते थे।
शिवरामपुर प्रभारी सत्यम त्रिपाठी ने बताया कि जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है। जल्द इसका खुलासा होगा।