फोटो-12- लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करने के लिए सड़क पर घूम रहे युवकों को रोककर पूछताछ करते डीएम शेषमण?
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट/मऊ। शनिवार को मऊ कस्बे में गाजियाबाद से आए एक परिवार के दो युवकों को जांच के लिए मुख्यालय भेजा गया। उनके परिवार वालों को जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा जिले से 25 अन्य लोगों के सैंपल को जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। दो दिन में भेजी गई 52 लोगोें की रिपेार्ट अभी तक नहीं आई है। अभी तक जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज नहीं मिला है। जिले में डीएम व एसपी ने मऊ, बरगढ व मानिकपुर क्षेत्र के अस्थाई होम क्वारंटीन स्थलों पर जाकर ठहरे लोगों से बातचीत की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनका मेडिकल कराकर समय से भोजन दिया जाए। एसपी ने शहर के ट्रैफिक चौराहे पर खडे होकर लॉकडाउन का पालन कराते रहे। अबतक जिले में 112 वाहन व 92 से अधिक लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लघंन की कार्रवाई हो चुकी है। राशन की दुकानों में सामग्री नियमित रूप से बांटने को कहा। यह भी निर्देश दिए कि कोई भी भूखा न रहे इसके लिए एसडीएम पूरा इंतजाम करें।
शनिवार को गाजियाबाद में प्राइवेट नौकरी करने वाले दो युवकों के मऊ कस्बे में पहुंचने की सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी सुभाष चौरसिया ने बताया कि सूचना मिलते ही युवकों की तलाश कर उनके घर पहुंचे। पूरे परिवार के सदस्यों को जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय व पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने शनिवार को जनपद में लागू लाक डाउन के चलते ट्रैफिक चौराहा, शंकर बाजार, गल्ला मंडी, बलदाऊगंज, भैरोपागा, पुरानी बाजार, बेड़ी पुलिया, सीतापुर, रामघाट, मिशन रोड आदि जगहोां में जाकर भोजन, पानी की व्यवस्थाएं देखी। डीएम ने इस दौरान राशनकार्ड न बने होने की समस्या पर जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि तत्काल राशनकार्ड बनवाकर खाद्यान्न उपलब्ध कराएं। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद से कहा कि जो लोग सामुदायिक किचन पर खाने के लिए आएं तो उन्हें जरूर दें। वार्डवार जगह चिह्नित कर खाना वितरण कराएं। कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। इसका विशेष ध्यान रहे। उन्होंने यह भी कहा कि रामघाट की सफाई अच्छी तरीके से कराई जाए तथा जो पेयजल नल की टोटी खराब है उन्हें तत्काल ठीक करा दें। उन्होंने कहा कि सभी जगह स्वच्छता का विशेष ध्यान दें और सैनिटाइज भी कराते रहें। निरीक्षण के दौरान रामघाट पर दो महिलाएं मिलीं। जोनल मजिस्ट्रेट अवनीश कुमार को निर्देश दिए कि इन महिलाओं को लेकर रेनबसेरा सीतापुर में संचालित नगर पालिका के सामुदायिक किचन से खाना की व्यवस्था कराएं। जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील किया कि घर पर ही रहे। बाहर न निकले, क्योंकि इस महामारी का बचाव सावधानी है। इसके बाद जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। जहां पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रकाश सिंह से समस्याओं के बारे में जानकारी की। कहा कि जो समस्याएं प्राप्त हो रही हैं, उनका तत्काल निस्तारण कराएं तथा उन समस्याओं के निस्तारण की रेंडम चेकिंग भी करें। किसी को कोई समस्या नहीं होना चाहिए।
इनसेट...
स्वास्थ्य परीक्षण के लिए युवक को ले गए
सरैंया। हनुआ गांव का एक परिवार महाराष्ट्र के जलगांव में कई साल से निवास कर रहा है। उसके परिवार के एक सदस्य अनिल कुमार शनिवार को हनुवा गांव किसी तरह पहुंच गया। जिस पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दिया। चौकी प्रभारी तपेश मिश्रा ने सीएमओ को पूरी जानकारी दी। इसके बाद स्वास्थ्य टीम गांव में पहुंचकर युवक को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए ले गई। संवाद