चित्रकूट में बुन्देलखंड किसान विकास समिति के अध्यक्ष अनिल प्रधान ने डीएम को पत्र सौंपकर बताया कि जनपद में सांप काटने से हुई मौतों के प्रकरण में वर्ष 2013 से अब तक विसरा रिपोर्ट नहीं उपलब्ध कराई गई। जिला पंचायत सदस्य/अध्यक्ष अनिल प्रधान ने डीएम को बताया कि सांप काटने के चलते हुई मौतों में पोस्टमार्टम के बाद विसरा सुरक्षित रखा जाता है।
वहीं, 2013 से इन मामलों में विसरा रिपोर्ट नहीं आई। दर्जनों ऐसे प्रकरण हैं, जिनकी रिपोर्ट तक नहीं भेजी गई। 11 जुलाई 2019 को पाठा के ग्राम बड़ी मडैयन के मजरा मडैयन निवासी रामनिहोरे पुत्र रामफ ल की मौत सांप काटने से हुई थी। कई चक्कर लगाने के बाद विसरा को हैदराबाद भेजा।
जहां तैनात कर्मचारियों ने कागज की कमी बताकर बिना विसरा लिए ही वापस कर दिया था। पिछले साल सरकार ने सांप काटने की घटना को दैवीय आपदा में शामिल किया। पत्र में मांग किया कि सर्पदंश से हुई मौतों के मामले में विसरा रिपोर्ट के लिए लैब की स्थापना कराते हुए दर्जनों प्रकरणों के विसरा रिपोर्ट उपलब्ध कराकर पीड़ितों को किसान बीमा दुर्घटना एवं दैवीय आपदा के तहत आर्थिक मदद दिलाई जाए।