चित्रकूट। पहाड़ी क्षेत्र के नारायनपुर गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया।
ग्रामीण गांव में हाईटेंशन तार हटाने और 27 सितंबर को तार टूटकर गिरने से झुलसे लोगों को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को ज्ञापन सौंपा।
नारायनपुर निवासी रज्जन और विनोद कुमार ने बताया कि राजापुर पावर हाउस से नारायनपुर तक हाईटेंशन लाइन गई है। 27 सितंबर को तार टूटकर ग्रामीणों पर गिर गई, जिससे 19 लोग झुलस गए। लोगों ने घरों की छत से कूदकर जान बचाई। घायलों का अस्पताल में इलाज कराया गया। हादसे में एक गाय और एक भैंस भी चपेट में आ गई।
ग्रामीणों ने मांग की कि पीड़ितों को मुआवजा दिया जाए और गांव से हाईटेंशन लाइन हटाई जाए। इस दौरान मीरा, धीरेंद्र, रामदयाल, लवकुश, चंदनिया, राजरानी आदि मौजूद रहे। संवाद