पहाड़ी (चित्रकूट)। पहाड़ी थाना क्षेत्र के भभौर गांव में एक सात साल के मासूम बच्चे के साथ मारपीट और गला दबाने का मामला सामने आया है। पीड़ित बच्चे के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजन के अनुसार, बच्चा घर से दुकान पर सामान लेने गया था। आरोप है कि दुकान पर मौजूद विपिन यादव ने बच्चे को गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई की। उसने बच्चे का गला भी दबा दिया। बच्चा रोते हुए घर पहुंचा।
परिजनों ने उसके गले पर चोट के निशान देखे। जब परिजन शिकायत लेकर दुकान पर पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज की। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। परिवार का कहना है कि आरोपी पहले भी उनके साथ अभद्रता कर चुका है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस पर पेट्रोल के लिए पैसे मांगने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस आरोप की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। थानाध्यक्ष निशिकांत राय ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। उन्होंने पैसे मांगने की जानकारी से इन्कार कर कहा कि फिर भी ऐसा है तो कार्रवाई की जाएगी।