फोटो-8- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मऊ में एक दूसरे को जयमाल डालने की तैयारी में वर वध?
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट/मऊ/पहाड़ी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मंगलवार को 125 जोड़ों का विवाह हुआ। प्रदेश के लोनिवि राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, सांसद आरके सिंह पटेल, डीएम शेषमणि पांडेय समेत अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने वर-वधू को जयमाला कराकर फूलों की वर्षा की।
मुख्यालय के मंदाकिनी अतिथि गृह में राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि सरकार बिटिया पैदा होने से लेकर पढ़ाई व विवाह तक की जिम्मेदारी उठाने का कार्य कर रही है। सांसद ने सभी बारातियों, घरातियों सहित सभी अधिकारियों व विवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की यह महत्वाकांक्षी योजना है जो उन्होंने लागू करके सुदूर क्षेत्र की गरीब की बेटी के हाथ पीले करने का कार्य किया है। डीएम शेषमणि पांडेय ने कहा कि जनपद को 63 जोड़ों का लक्ष्य था।
पर 125 जोड़ों का विवाह पांचों विकास खंडों पर धूमधाम से संपन्न हुआ है। इस मौके पर उप जिलाधिकारी कर्वी राम प्रकाश, सीओ नगर शीतला प्रसाद पांडेय, उप निदेशक कृषि टीपी शाही, जिला समाज कल्याण अधिकारी डा. नीलम सिंह आदि मौजूद रहे। पहाड़ी संवाद के अनुसार विकासखंड पहाड़ी में आयोजित सामूहिक विवाह योजना मे 30 जोड़ों ने एक दूसरे का दामन थामा है। कार्यक्रम में सांसद आरके सिंह पटेल व राज्य मंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय मौजूद रहे। समाजसेवी राममिलन मिश्रा निवासी दरसेडा ने निजी खर्च से वर-वधू को उपहार प्रदान किया। उधर, मऊ संवाद के अनुसार 25 जोड़ों की शादी हुई। इस दौरान ब्लाक प्रमुख शिवाकांत बलुआ, जिला कृषि अधिकारी वसंत दुबे आदि मौजूद रहीं।