चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव के पास बने भगवान शंकर व हनुमान मंदिर के सामने पड़ी खाली भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा करने का प्रयास किया है। मंदिर के संचालक/प्रबंधक ने सदर एसडीएम को लिखे पत्र में मंदिर की भूमि बचाने और बाउंड्रीवाल बनवाने की मांग की है।
मंदिर के प्रबंधक भोलादास चेला जयराम दास त्यागी ने बताया कि इस आश्रम को दंडहरिया के नाम से जाना जाता है। श्रद्धालु यहां भजन कीर्तन, यज्ञ ,भंडारा करते रहते हैं। मंदिर के सामने भूमि ग्रामसमाज में बंजर खाता में दर्ज है। जबकि खसरा में मंदिर दर्ज है। आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग मंदिर व आसपास की भूमि को कब्जे में करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मंदिर व इसकी भूमि को बचाने के लिए कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। (संवाद)