चित्रकूट में जहरीली शराब से मरने वाले जयनारायण बउआ (फाइल फोटो)।
- फोटो : CHITRAKUTT
राजापुर (चित्रकूट)। जिले में जहरीली शराब पीने से सोमवार को दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे चौबीस घंटे में मरने वालों का आंकड़ा सात तक पहुंच गया। मरने वाले दोनों ग्रामीण राजापुर थाना क्षेत्र के भदेदू व देवारी गांव के रहने वाले थे। दोनों को सोमवार को इलाज के लिए प्रयागराज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। अभी भी दस लोगों का प्रयागराज में इलाज चल रहा है।
देवारी गांव के जयनारायण उर्फ बउआ सिंह (45) और भदेदू के चुन्ना रैदास (48) की सोमवार को जहरीली शराब से हालत बिगड़ गई। इसके अलावा भदेदू गांव के छोटा, सुनील पांडेय, दिलीप और रैपुरा के राकेश की भी तबीयत बिगड़ गई। सभी के परिजन इलाज के लिए एंबुलेंस से प्रयागराज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में चुन्ना और बउआ की मौत हो गई, जबकि अन्य को प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चुन्ना के पड़ोसी सोनू सिंह ने बताया कि गांव की परचून की दुकान से 20 मार्च को देसी शराब खरीदकर पी थी। उधर, दो और लोगों की मौत की सूचना पर डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल और एसपी अंकित मित्तल गांव पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने अफसरों को बताया कि गांव की परचून की दुकानों में देसी शराब बिक रही है। इस पर राजस्व व पुलिस की टीम ने दोनों गांव की परचून की दुकान की तलाशी, लेकिन कहीं से शराब नहीं मिली।