फोटो-3- सोनू श्रीवास- फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : CHITRAKUTT
भरतकूप। थाना अंतर्गत भरतकूप कस्बे के पास झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में खाली डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार प्रवासी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार की शाम 7:30 बजे हुई थी। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। मौके से डंपर व डंपर चालक को पकड़ लिया गया है
भरतकूप थाना अंतर्गत धौरही माफी गांव निवासी सोनू श्रीवास (25) पुत्र मुन्ना श्रीवास जिला मुख्यालय के शंकर बाजार स्थित एक चार पहिया वाहन दुरुस्त करने वाले गैरेज में काम करता था। वह शुक्रवार की देर शाम बाइक से गांव जा रहा था। जब भरतकूप कस्बे के बीएसएनल टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय के पास पहुंचा तो भरतकूप की ओर से आ रहे एक डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें बाइक चालक सोनू श्रीवास गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पर शनिवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता मुन्ना श्रीवास ने बताया कि मृतक सोनू दिल्ली में मजदूरी करता था। होली पर्व पर छुट्टी लेकर घर आया था। मां हीरामनी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की शादी नहीं हुई। वह तीन भाई है। दो भाई कल्लू व छोट्टन है। थानाध्यक्ष संजय उपाध्याय ने बताया कि मौके से डंपर व डंपर चालक को पकड़ लिया गया है।