फोटो-5- कलक्ट्रेट गेट के सामने प्रदर्शन करते विहिप कार्यकर्ता । संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। मुस्लिमों के प्रदर्शन के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विरोध जताया। शहर के एलआईसी तिराहे से बाइक जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। वहां कलक्ट्रेट का गेट सुरक्षाकर्मियों ने बंद कर दिया और किसी को अंदर नहीं जाने दिया। इसे लेकर सुरक्षाकर्मियों व प्रदर्शन करने वालों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
गुरुवार को झंडे व बैनर लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे विहिप व बजरंग दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मुस्लिम समाज के कुछ लोग जानबूझकर प्रदर्शन कर देश की संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अब हर शुक्रवार को बिना वजह प्रदर्शन कर देश में हिंसा फैलाने का काम किया जा रहा है। मांग की कि दंगाइयों की पहचान कर कार्रवाई की जाए। जिनको धमकी दी जा रही है, उन्हें सुरक्षा दी जाए। कट्टरपंथी संगठनों पर रोक लगाई जाए।
कलक्ट्रेट गेट के अंदर जाने की जिद पर सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय और कोतवाल भास्कर मिश्रा ने समझाया। तय हुआ कि पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल डीएम को ज्ञापन देने जाएगा। लगभग 15 मिनट के अंतराल मेें पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी, जिला मंत्री रामशरण तिवारी, जिला संगठन अजय जाटव व बजरंग दल के विनीत कुमार आदि मौजूद रहे।