संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। भगवान राम की तपोभूमि को भगवान शिव की नगरी वाराणसी व एतिहासिक खजुराहो से जोड़ने के लिए भारतीय रेलवे की कवायद पूरी हो गई है। शनिवार को ट्रायल के बाद अब यह ट्रेन मंगलवार से नियमित चलेगी। इसकी रेल मंत्रालय ने विधिवत घोषणा की है।
चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशन के प्रबंधक सुरेश कुमार ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन के संचालन का ट्रायल सफल हो चुका है। अब यह ट्रेन मंगलवार से वाराणसी से चलेगी फिर खजुराहो से लौटेगी। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर ही आएगी। किसी विशेष परिस्थिती में प्लेटफार्म बदला जा सकता है।
-
चित्रकूट सुबह दस बजे फिर शाम छह बजे आएगी वंदेभारत
चित्रकूट। रेल मंत्रालय द्वारा टाइम टेबल के अनुसार वंदेभारत एक्सप्रेस वाराणसी से सुबह पांच बजकर 25 मिनट पर छूटेगी। 8 बजे प्रयागराज चकेरी, दस बजकर पांच मिनट पर चित्रकूटधाम, 11 बजकर 8 मिनट पर बांदा, 12 बजकर 8 मिनट पर महोबा फिर दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर खजुराहो पहुंचेगी। इसी प्रकार खजुराहो से शाम को तीन बजकर 20 मिनट पर चलकर चार बजकर 18 मिनट पर महोबा, पांच बजकर 13 मिनट पर बांदा, छह बजकर 13 मिनट पर चित्रकूट, रात आठ बजकर 20 मिनट पर प्रयागराज चकेरी फिर रात 11 बजे वाराणसी पहुंचेगी। बृहस्पतिवार को छोड़कर यह ट्रेन हर दिन चलेगी।