चित्रकूट के जंगलों में लगी आग को देखता आरपीएफ का जवान। संवाद
- फोटो : CHITRAKUTT
मानिकपुर/चित्रकूट। यूपी व एमपी क्षेत्र के जंगलों में लगी आग ने ट्रेनों की गति धीमी कर दी है। गुरुवार को भी रेलवे ट्रैक के किनारे आग की लपटें उठती रही। जिसके चलते ट्रैक के आसपास धुआं दिखाई दिया। यह समस्या चित्रकूट धाम रेलवे स्टेशन, मानिकपुर रेलमार्ग व मानिकपुर सतना रेलमार्ग में पड़ने वाले बहिलपुरवा, ओहन, व मारकुंडी क्षेत्र के जंगलों में रही। इस कारण चालक ट्रेनों को धीमी गति से चला रहे हैं। वही, आरपीएफ के जवान व गैंगमैन रेलवे ट्रैक पर लगातार नजर रखे हैं।
पिछले एक सप्ताह से पाठा के जंगल सुलग रहे है। जिसमें यूपी व एमपी क्षेत्र भी प्रभावित है। जंगलों के बीच करीब 75 किमी रेलवे ट्रैक है। जिसमें बहिलपुरवा, ओहन, बासापहाड़, मारकुंडी रेलवे स्टेशन पड़ते है। कई बार वन विभाग, फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग को बुझाया भी पर जंगलों में कहीं न कहीं आग लग जा रही है। इसे बुझाने में लगी टीमें भी परेशान हैं। बहिलपुरवा रेलवे स्टेशन के अधीक्षक रामशरण सिंह ने बताया कि रेलवे ट्रैक के आसपास आग पूरी तरह से बुझ गई है। बावजूद इसके चालक ट्रेनों को को सावधानी से निकाल रहे हैं।
----
बरगढ़ क्षेत्र में आग झुलस रही
बरगढ़। बरगढ़ थाना अंतर्गत बरगढ़ कस्बे के पास जंगलों मे गुरुवार को भी कुछ स्थानों पर आग लगी रही। इससे पेड़ पौधे जल रहे है। वही मानिकपुर क्षेत्र के रैपुरा गांव के मुन्ना के घर में आग लगने से कच्चा घर जल गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुुंचकर आग पर नियंत्रण किया। (संवाद)