भरतकूप/खोही(चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के रसिन पहाड़ व घुरेटनपुर गांव के पास स्थित गोरागाड़ा पहाड़ में बुधवार को भी आग धधकती रही। पहाड़ के ऊपर धुएं क ा गुबार है। पहाड़ में ऊंचाई पर आग लगी है, जिसके चलते उसे बुझाना मुश्किल हो रहा है। उधर, जिले के मारकुंडी क्षेत्र से सटे मप्र के बरौंधा क्षेत्र के जंगल के पहाड़ों में अभी भी आग जारी है। जिसे यूपी-एमपी के वनकर्मी आग को बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।
भरतकूप थाना क्षेत्र के रसिन पहाड़ में मंगलवार को आग लग गई थी, जो दूसरे दिन भी धधक रही है। धुएं के गुबार चारों ओर दिखाई दे रहे है। इस स्थान से 4 किमी दूर स्थित घुरेटनपुर गांव के गोरागाड़ा पहाड़ में भी आग पूरी तरह से नहीं बुझी। इस जंगल के आसपास स्थित रहने वाले जीव जंतु मप्र क्षेत्र की ओर चले गये हैं। पहाड़ के नीचे की आग को तो फायर ब्रिगेड के जवानों ने किसी तरह से बुझा दिया पर पहाड़ों के ऊपर चढ़ा नहीं जा सकता। जिसके चलते आग बुझाना मुश्किल हो रहा है।
फायर ब्रिगेड विभाग के प्रभारी अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि जंगलों में लगी आग को बुझाने में दिन रात कर्मचारी लगे हैं। कई दिनों से आग लगी हुई है। जो बुझने का नाम नहीं ले रही है। डीएफओ कैलाश प्रकाश ने बताया कि यह आग मप्र के क्षेत्र के पहाड़ में है। इससे चित्रकूट के जंगलों में कोई नुकसान नहीं है।