मानिकपुर (चित्रकूट)। पुलिस मुठभेड़ में मारे गए 25 हजार के इनामी डाकू भालचंद्र के भाई और डाकू गौरी यादव गैंग के सदस्य लालचंद्र को गुरुवार को मारकुंडी थाना पुलिस ने पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा व चार कारतूस बरामद हुए हैं।
बताते चलें कि थाना बहिलपुरवा अंतर्गत जिला पुलिस और एसटीएफ की मुठभेड़ बुधवार को मांडो बांध के पास डेढ़ लाख रुपये के इनामी डाकू गौरी गैंग से हुई थी। इसमें 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी भालचन्द्र को गोली लगी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। जबकि गैंग के अन्य सदस्य भाग गए थे। भागे हुए अपराधियों की धरपकड़ को लगातार सर्च अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक मारकुंडी रमेश चंद्र व उनकी टीम को जमुनिहाई तिराहे के पास गुरुवार की भोर में पांच बजे एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम लालचन्द्र यादव पुत्र रामऔतार निवासी पडवनिया जागीर थाना नयागांव सतना मप्र बताया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा व चार कारतूस बरामद हुए हैं। (संवाद)